Connect with us

भदोही

लहराएगा 51 फीट ऊंचा तिरंगा, 15 लाख से होगा निर्माण

Published

on

Loading...
Loading...

नगर पंचायत ने मुखर्जी और राजा पार्क का किया चयन, उपयुक्त स्थल तय होते ही शुरू होगी प्रक्रिया

ज्ञानपुर-भदोही। नगर पंचायत ज्ञानपुर में जल्द ही 51 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहराता नजर आएगा। नगर पंचायत प्रशासन ने इसके लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। तिरंगा स्थापित करने के पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 15 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसे शहर के प्रमुख और दर्शनीय स्थल पर स्थापित करने की योजना है, ताकि दूर से ही तिरंगा दिखाई दे और शहर की शोभा बढ़े।

तिरंगा स्थापित करने के लिए नगर पंचायत ने वार्ड नंबर चार स्थित मुखर्जी पार्क और राजा पार्क का चयन किया है। दोनों स्थानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इनमें से एक उपयुक्त स्थल पर तिरंगे की स्थापना की जाएगी। नगर पंचायत का प्रयास है कि ऐसा स्थान चुना जाए, जहां से राष्ट्रीय ध्वज अधिक दूरी से दिखाई दे और लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत हो।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी दयाशंकर वर्मा ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप बड़े शहरों और प्रमुख नगर निकायों में 50 से 60 फीट ऊंचे तिरंगे स्थापित किए जा रहे हैं। जिले की सात निकायों में भदोही नगर पालिका परिषद में पहले ही भव्य तिरंगा स्थापित किया जा चुका है। उसी तर्ज पर अब ज्ञानपुर नगर पंचायत में भी तिरंगा लगाया जाएगा।

Advertisement

चबूतरे से लेकर लाइटिंग तक होगा सौंदर्यीकरण

अधिशासी अधिकारी के अनुसार यह केवल तिरंगा लगाने के लिए पोल स्थापित करने तक सीमित नहीं रहेगा। इसके साथ मजबूत पोल, पक्का चबूतरा, आकर्षक लाइटिंग और सौंदर्यीकरण का कार्य भी कराया जाएगा। रात के समय भी तिरंगा स्पष्ट रूप से दिखाई दे, इसके लिए विशेष प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए करीब 15 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार कर जिला प्रशासन को भेजा गया है। जिला प्रशासन से मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी और इसके बाद निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने का प्रयास होगा।

नगर पंचायत के इस फैसले का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि शहर में ऊंचा तिरंगा स्थापित होने से ज्ञानपुर की सुंदरता बढ़ेगी और युवाओं सहित आम लोगों में राष्ट्रप्रेम एवं गौरव की भावना को बढ़ावा मिलेगा। यह शहर के लिए एक प्रमुख आकर्षण और गौरव का केंद्र बन सकता है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page