चन्दौली
सपा के वरिष्ठ नेता रामगोविंद चौधरी का निधन, 74 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
लखनऊ के एसजीपीजीआई में उपचार के दौरान निधन, आठ बार विधायक और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रहे
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी का शुक्रवार रात लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे। उनके निधन की पुष्टि एसजीपीजीआई के निदेशक डॉ. आरके धीमान ने की।
रामगोविंद चौधरी उत्तर प्रदेश की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे। वह आठ बार विधायक चुने गए और वर्ष 2017 से 2022 तक उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे। इससे पहले वह समाजवादी पार्टी की सरकारों में मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे।
चौधरी का राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ था। बाद में वह जयप्रकाश नारायण के आंदोलन से जुड़े और लंबे समय तक सक्रिय राजनीति में रहे। बलिया की राजनीति के साथ-साथ विधानसभा में भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई।
उनके निधन की खबर से समाजवादी पार्टी सहित प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रामगोविंद चौधरी के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी उनके निधन पर शोक जताया।
रामगोविंद चौधरी के निधन से उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में शोक व्याप्त है। बलिया और प्रदेश की राजनीति में उनके लंबे सार्वजनिक जीवन को लेकर नेताओं एवं समर्थकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
