Connect with us

गोरखपुर

गड्ढों में तब्दील जलजमाव वाली सड़क, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

Published

on

Loading...
Loading...

स्कूली बच्चों और राहगीरों को हो रही परेशानी

हरपुर-बुदहट/गोरखपुर। सहजनवां ब्लॉक के ग्राम पंचायत अनंतपुर में हरपुर से भीटी रावत-गोला स्टेट लेन से निकला संपर्क मार्ग इन दिनों गड्ढों में तब्दील हो गया है। सड़क पर जलजमाव होने से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। कई बच्चे रास्ते में गिरकर चोटिल हो रहे हैं और उनकी स्कूल ड्रेस भी खराब हो जाती है।

बारिश के बाद और बिगड़ी स्थिति

ग्रामीणों के अनुसार अनंतपुर चौराहे से कस्बे को जोड़ने वाला यह मार्ग लंबे समय से जर्जर है। बारिश के बाद सड़क की स्थिति और खराब हो गई है। जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से पैदल चलना भी मुश्किल है, जबकि दोपहिया और छोटे वाहनों का आवागमन लगभग ठप हो गया है।

बाजार और जरूरी सेवाओं पर भी असर

इसी मार्ग से ग्रामीण चौराहे पर लगने वाले साप्ताहिक बाजार में आवश्यक सामान खरीदने के लिए आते-जाते हैं। सड़क खराब होने से उन्हें भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि आपात स्थिति में एंबुलेंस और अन्य वाहनों का आवागमन भी जोखिम भरा हो गया है।

शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान अनंतपुर जोखू निषाद, ब्लॉक प्रमुख और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से कई बार सड़क की समस्या की शिकायत की गई, लेकिन आश्वासन के अलावा कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों के दौरान सड़क मरम्मत की बात तो कई बार हुई, लेकिन गड्ढे भरने या सड़क के पुनर्निर्माण की दिशा में कदम नहीं उठाया गया।

Advertisement

संदीप शुक्ला के नेतृत्व में किया प्रदर्शन

समस्या का समाधान नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार को संदीप शुक्ला के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में अमित त्रिपाठी, श्रवण यादव, दयाशंकर शुक्ल, संदीप शुक्ल, रियाजुल अंसारी, विपिन कुमार भारती, अमित यादव, प्रदीप शुक्ला, निर्मल प्रसाद सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page