गोरखपुर
नए एसपी उत्तरी राजेश गुनावत ने संभाला कार्यभार
अपराध नियंत्रण और साइबर अपराध पर रहेगा विशेष फोकस
गोरखपुर। 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी राजेश गुनावत ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक उत्तरी के पद पर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पुलिस कार्यालय पहुंचकर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात की तथा उत्तरी क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध की स्थिति और पुलिसिंग व्यवस्था की जानकारी ली।
संवेदनशील क्षेत्रों और अपराध की स्थिति की ली जानकारी
कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों, प्रमुख बाजारों और थानों की व्यवस्था की जानकारी ली। अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया।
साइबर अपराध पर तकनीकी संसाधनों से होगी कार्रवाई
एसपी उत्तरी की प्राथमिकताओं में अपराध नियंत्रण के साथ साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई शामिल है। ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, डिजिटल धोखाधड़ी और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों की रोकथाम के लिए तकनीकी संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
फरियादियों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता
राजेश गुनावत ने कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी प्राथमिकता होगी। थानों पर आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
राजस्थान के सवाई माधोपुर के हैं राजेश गुनावत
राजेश गुनावत मूल रूप से राजस्थान के सवाई माधोपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने बीटेक (पेट्रोलियम इंजीनियरिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। इससे पहले वह मुजफ्फरनगर और फिरोजाबाद में सहायक पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। फिरोजाबाद में साइबर अपराध और डिजिटल ठगी से जुड़े मामलों की जांच में तकनीकी संसाधनों के इस्तेमाल का अनुभव भी रहा है।
नई जिम्मेदारी के साथ पुलिसिंग मजबूत करने की शुरुआत
पदभार ग्रहण करने के साथ ही राजेश गुनावत ने उत्तरी क्षेत्र की पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। इससे पहले बुधवार को उन्होंने मुख्यमंत्री की वीआईपी ड्यूटी में भी जिम्मेदारी निभाई थी।
