गाजीपुर
11 हजार वोल्ट का टेढ़ा बिजली पोल दे रहा हादसे को दावत
15 दिन पहले निरीक्षण के बावजूद नहीं बदला पोल, ग्रामीणों में हादसे का डर
गाजीपुर/भांवरकोल। भांवरकोल क्षेत्र के महेशपुर द्वितीय गांव में बिजली विभाग की लापरवाही का मामला सामने आया है। गांव के पूरब गणेश यादव के मकान के पास सड़क किनारे 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का पोल लटककर टेढ़ा हो गया है। इससे आसपास के लोगों में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
15 दिन पहले जेई और लाइनमैन ने किया था निरीक्षण
ग्रामीण रामजी यादव के अनुसार टेढ़े पोल की जानकारी बिजली विभाग को पहले ही दी गई थी। करीब 15 दिन पहले जेई और लाइनमैन मौके पर पहुंचे और पोल की स्थिति देखी थी। उन्होंने पोल को खतरनाक बताते हुए जल्द हटाकर नया पोल लगाने की बात कही थी।
दो सप्ताह बाद भी समस्या जस की तस
ग्रामीणों का कहना है कि निरीक्षण के करीब दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी क्षतिग्रस्त पोल को नहीं बदला गया है। सड़क किनारे झुका हुआ 11 हजार वोल्ट का पोल लगातार खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने विभाग से जल्द पोल बदलने की मांग की है।
एसडीओ ने जल्द कार्रवाई का दिया आश्वासन
मामले में बिजली विभाग के एसडीओ अमित कुमार राय से बात की गई तो उन्होंने मामले को दिखवाकर जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। अब ग्रामीणों को विभाग की कार्रवाई का इंतजार है।
