गाजीपुर
पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय में पहुंचे थानाध्यक्ष, छात्रों का बढ़ाया उत्साह
मोबाइल गेम से दूर रहने और सड़क पर सावधानी बरतने की दी सलाह
गाजीपुर/मरदह। मरदह थाना अध्यक्ष अनिल सिंह ने पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय मरदह पहुंचकर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए मोबाइल गेम से दूर रहने, सड़क पार करते समय सावधानी बरतने तथा अपने माता-पिता और बड़ों का सम्मान करने की सलाह दी।
माता-पिता और गुरुजनों की बात मानने की दी सीख
थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि जो बच्चे अपने माता-पिता की बात मानते हैं और गुरुजनों द्वारा पढ़ाए गए पाठ्यक्रम को नियमित रूप से पूरा करते हैं, वे आगे चलकर अपने जीवन में सफलता प्राप्त करते हैं। ऐसे बच्चे देश और समाज का नाम रोशन करने के साथ बेहतर जीवन जीने में सक्षम होते हैं।
ट्रॉफी देकर किया विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन
विद्यालय पहुंचने पर थानाध्यक्ष ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और अनुशासन के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने छात्रों को ट्रॉफी वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। ट्रॉफी पाकर विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।
शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र रहे मौजूद
इस अवसर पर माया सिंह, राजीव सिंह, दुर्गा प्रसाद सिंह, रविंद्र मौर्य, रजनी सिंह, रामानंद, राजेश भारती, उपेंद्र गौण, दुर्गेश गुप्ता, अनामिका गुप्ता सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
