Connect with us

गाजीपुर

यूजीसी और आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा के दो बूथ अध्यक्षों ने छोड़ा पद

Published

on

Loading...
Loading...

भीमापार गाजीपुर। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी), एससी-एसटी कानून और जातिगत आरक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर सैदपुर विधानसभा क्षेत्र के मंगारी में भाजपा के स्थानीय संगठन के भीतर असहमति सामने आई है। ग्राम सभा मंगारी के बूथ संख्या 136 के अध्यक्ष बृजेश कुमार सिंह और बूथ संख्या 137 के अध्यक्ष रामप्रसाद कुशवाहा ने अपने-अपने बूथ अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। दोनों पदाधिकारियों के एक साथ पद छोड़ने के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

बताया गया कि यूजीसी, एससी-एसटी कानून और जातिगत आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर पार्टी की नीतियों से असहमति के चलते दोनों बूथ अध्यक्षों ने संगठनात्मक जिम्मेदारी से अलग होने का निर्णय लिया। बूथ अध्यक्षों को संगठन की जमीनी स्तर पर महत्वपूर्ण कड़ी माना जाता है। ऐसे में दो पदाधिकारियों के एक साथ इस्तीफा देने से स्थानीय संगठन में हलचल देखी जा रही है।

इस संबंध में सादात दक्षिणी मंडल भाजपा अध्यक्ष दिलीप कुमार पाण्डेय से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि संबंधित पदाधिकारी स्वतंत्र हैं। यदि किसी विषय पर उनका मत पार्टी के मत से अलग है और वे इस्तीफा देना चाहते हैं तो वे इस्तीफा दे सकते हैं।

वहीं भाजपा के सेक्टर संयोजक अरुण कुमार पाण्डेय ने कहा कि उनकी राय में संबंधित कानून में बदलाव की आवश्यकता है। उन्होंने एससी-एसटी कानून में कार्रवाई से पहले जांच की आवश्यकता और आरक्षण को आर्थिक आधार पर किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इन विषयों पर संशोधन आवश्यक है। यदि सरकार इस दिशा में ध्यान नहीं देती है तो आगे की रणनीति पर विचार करना पड़ेगा।

इस्तीफे के बाद क्षेत्र में इसे लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इस दौरान कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने यूजीसी नियमों को वापस लेने की मांग को लेकर नारे लगाए और आरक्षण को आर्थिक आधार पर किए जाने की मांग रखी।

Advertisement

इस मौके पर भाजपा सेक्टर संयोजक अरुण कुमार पाण्डेय, जिला पंचायत सदस्य पद के पूर्व भाजपा प्रत्याशी संदीप सिंह टिंकू, विश्व हिंदू महासंघ के गाजीपुर जिला चिकित्सा प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. सचिन सिंह, बबलू सिंह, रोशन सिंह, सतेंद्र सिंह, प्रियांशु सिंह, बृजेश कुमार सिंह, मोहित सिंह, विवेकानंद सिंह, अमित सिंह सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page