Connect with us

भदोही

दिशा की बैठक में योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

Published

on

Loading...
Loading...

भदोही। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायक दीनानाथ भास्कर, ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे, भदोही विधायक जाहिद बेग, जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी और मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल सहित अधिकारी मौजूद रहे।

जनप्रतिनिधियों को योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश

सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभागों की जनकल्याणकारी और लाभार्थीपरक योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। उन्होंने बैठक में उठाई गई जनसमस्याओं के समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया।

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान नियमित मॉनिटरिंग कर सेवाओं में सुधार लाने, दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने और चिकित्सकों द्वारा मरीजों को बाहर की दवाएं न लिखने के निर्देश दिए गए। एसीएमओ को पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने को कहा गया।

स्मार्ट मीटर और बिजली व्यवस्था पर सख्ती

विद्युत विभाग की समीक्षा में स्मार्ट मीटर को लेकर मिल रही शिकायतों का समाधान करने और खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने के निर्देश दिए गए। शासन के निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति और मानक के अनुरूप बिजली बिल सुनिश्चित करने को कहा गया। अभियंताओं और कर्मचारियों को जनप्रतिनिधियों से शिष्टाचारपूर्वक व्यवहार करने के निर्देश भी दिए गए।

सड़कों की मरम्मत और रोजगार पर जोर

सांसद ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने तथा कौशल विकास मिशन के तहत लक्ष्य के अनुरूप रोजगार मेले आयोजित कर युवाओं को रोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए।

Advertisement

कई योजनाओं की हुई समीक्षा

जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, सामाजिक सहायता एवं पेंशन योजनाओं, ग्रामीण विकास, पेयजल, मिड-डे मील, सर्व शिक्षा अभियान, आईसीडीएस, कृषि विकास, किसान सम्मान निधि, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और जल जीवन मिशन समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

समस्याओं का संतोषजनक निस्तारण जरूरी

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि बैठक में उठाए गए प्रत्येक बिंदु पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और शिकायतों का संतुष्टिपरक निस्तारण हो। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्य समयसीमा और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। बैठक में जनप्रतिनिधियों और ब्लॉक प्रमुखों ने अपने क्षेत्रों की विकास संबंधी समस्याएं भी रखीं, जिनके निस्तारण का अधिकारियों ने आश्वासन दिया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page