मिर्ज़ापुर
सर्पदंश से युवक अचेत, राजगढ़ सीएचसी में भर्ती
मड़िहान सीएचसी में एंटी स्नेक वेनम नहीं मिलने पर किया गया रेफर, उपचार के बाद हालत सामान्य
राजगढ़, मिर्जापुर। मड़िहान थाना क्षेत्र के ददरी स्थित अडानी थर्मल पावर प्लांट में काम करने वाला 40 वर्षीय युवक मंगलवार सुबह सर्पदंश से अचेत हो गया। साथियों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान पहुंचाया। वहां एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे सीएचसी राजगढ़ रेफर कर दिया।
जंगल की ओर जाते समय सांप ने डसा
झांसी निवासी पेसराम पुत्र विश्वनाथ ददरी स्थित पावर प्लांट में मजदूरी करता है। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह कंपनी से कुछ दूर जंगल की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक बिसहेला सांप ने उसे डस लिया। सर्पदंश के बाद वह अचेत होकर गिर पड़ा। जानकारी मिलने पर साथियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
एंटी स्नेक वेनम देकर शुरू किया उपचार
सीएचसी राजगढ़ पहुंचने पर चिकित्सकों ने युवक को एंटी स्नेक वेनम का डोज दिया और उपचार शुरू किया। चिकित्सक संतलाल ने बताया कि दवा देने के बाद युवक की हालत सामान्य है। आवश्यक उपचार पूरा होने के बाद उसकी स्थिति के अनुसार उसे अस्पताल से छुट्टी दी जाएगी।
