Connect with us

गाजीपुर

शादी की जिद में टावर पर चढ़ी युवती, पुलिस ने सुरक्षित उतारा

Published

on

Loading...
Loading...

प्रेमी से शादी की मांग को लेकर उठाया कदम, एनएच-31 पर जुटी भीड़ से यातायात प्रभावित

मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के हरिवल्लमपुर गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रेमी से शादी की मांग को लेकर एक युवती एनएच-31 किनारे स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक समझा-बुझाकर उसे सुरक्षित नीचे उतारा।

शादी की मांग को लेकर चढ़ी टावर पर

हरिवल्लमपुर निवासी युवती का चकटरफिया गांव निवासी युवक से पिछले तीन-चार वर्षों से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। युवती का कहना है कि वह युवक से शादी करना चाहती है और इसी मांग को लेकर उसने टावर पर चढ़ने का कदम उठाया।

बेंगलुरु ले जाने और शादी से इनकार का आरोप

युवती ने आरोप लगाया कि युवक पिछले वर्ष शादी का भरोसा देकर उसे अपने साथ बेंगलुरु ले गया था। बाद में परिवार के दबाव में उसने शादी से इनकार कर दिया। युवती की शिकायत पर करीब छह माह पहले युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा गया था। युवती के अनुसार, युवक करीब दो माह पहले जमानत पर बाहर आया और इसके बाद कथित तौर पर शादी से फिर इनकार कर दिया।

Advertisement

सुबह तड़के टावर पर चढ़ी

बताया गया कि युवती सोमवार तड़के करीब 4:30 बजे टावर पर चढ़ गई थी। उजाला होने के बाद लोगों को इसकी जानकारी हुई। इस दौरान युवती ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से लाइव भी किया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

पुलिस की समझाइश पर नीचे उतरी

सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवती से बातचीत शुरू की। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जयप्रकाश यादव ने भी फोन पर युवती को समझाया और नीचे उतरने के बाद उसकी समस्या को कानूनी तरीके से अधिकारियों के समक्ष रखने का भरोसा दिलाया। काफी देर की बातचीत के बाद युवती सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस उसे महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में थाने ले गई।

एनएच-31 पर प्रभावित हुआ यातायात

युवती के टावर पर चढ़ने की सूचना फैलते ही सड़क पर भीड़ जुट गई, जिससे एनएच-31 पर यातायात प्रभावित हुआ और कुछ समय के लिए भारी वाहनों की आवाजाही भी बाधित रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और यातायात व्यवस्था सामान्य कराई।

जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति

पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page