गाजीपुर
फंदे से लटककर युवक ने दी जान, परिवार में मचा कोहराम
परिवार का भरण-पोषण करता था मृतक, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
नंदगंज (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के बरहपुर गांव की पूरब हरिजन बस्ती में शनिवार रात एक युवक ने फंदे से लटककर जान दे दी। रविवार भोर घटना की जानकारी होने पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बरहपुर निवासी रिंकू राम (44) पुत्र रामअवध ने शनिवार रात अपनी मड़ई में बांस के धरन से कपड़े की रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह करीब चार बजे परिजनों को घटना की जानकारी हुई।
परिजनों के अनुसार रिंकू राम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी चंद्रकला के अलावा दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। पति की मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से गांव में शोक का माहौल है। आत्महत्या का कारण पारिवारिक कलह बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
