गाजीपुर
जन चौपाल में गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
अभिनव सिन्हा ने कहा- जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा
बिरनो (गाजीपुर)। विधानसभा जंगीपुर के डांडी कला गांव में रविवार को पूर्व प्रधान रामकेश पांडेय के दरवाजे पर भाजपा नेता संकठा प्रसाद मिश्र के नेतृत्व में जन चौपाल आयोजित हुई। इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों व विकास कार्यों की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। मुख्य अतिथि युवा भाजपा नेता अभिनव सिन्हा का शेखपुर चट्टी पर स्वागत कर मोटरसाइकिल जुलूस के साथ कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया गया।
अभिनव सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई दिशा पकड़ी है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना से सरकार काम कर रही है। उन्होंने वर्ष 2017 से पहले और बाद की प्रदेश सरकार के कार्यों की तुलना करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मोबाइल से लेकर ब्रह्मोस जैसी अत्याधुनिक मिसाइलों के निर्माण तक औद्योगिक क्षेत्र में नई पहचान बन रही है। संकठा प्रसाद मिश्र ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा ने विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सभी वर्गों की भागीदारी पर जोर दिया। भाजपा जिला पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष अनिल राजभर ने जंगीपुर में विकास निधि के कथित बंदरबांट का आरोप लगाते हुए पारदर्शिता की मांग की।
चौपाल को मन्नू राजभर, गोपाल पांडेय, अभिनव सिंह और पंकज राय ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता जयचंद और संचालन पूर्व प्रधान आकाश राजभर ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण व भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
