Connect with us

गाजीपुर

यूसूफपुर में एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को लेकर जनसभा, धरना

Published

on

Loading...
Loading...

रेल प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से कामायनी समेत प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग

मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। यूसूफपुर रेलवे स्टेशन पर विभिन्न महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर यूसूफपुर रेल ठहराव संघर्ष समिति के तत्वावधान में अष्ट शहीद पार्क स्थित विशाल सभागार में जनसभा एवं धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर रेल प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष अपनी मांग जोरदार ढंग से रखी।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यूसूफपुर-मुहम्मदाबाद क्षेत्र व्यापारिक, शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसके बावजूद प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का पर्याप्त ठहराव नहीं होने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है। समिति ने कामायनी एक्सप्रेस, भृगु एक्सप्रेस, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस, गंगा-कावेरी एक्सप्रेस और हरिहरनाथ एक्सप्रेस सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के यूसूफपुर स्टेशन पर ठहराव की मांग की।

वक्ताओं ने कहा कि कोरोना काल के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस का ठहराव बंद कर दिया गया था, जिसे अब तक बहाल नहीं किया गया है। इससे क्षेत्र के यात्रियों को दूसरे स्टेशनों का सहारा लेना पड़ता है।

Advertisement

व्यापारियों ने कहा कि ट्रेन सुविधा के अभाव में माल मंगाने और व्यापारिक यात्राओं के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। वहीं मरीजों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।

वक्ताओं ने कहा कि प्रमुख ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। धरने के माध्यम से संघर्ष समिति ने रेल प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शीघ्र सकारात्मक पहल करने की मांग की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरेश राय ने की और संचालन प्रेमनाथ गुप्ता ने किया। राम जी गिरी, मीरा राय, डॉ. जनक कुशवाहा, चंदा यादव, राजेंद्र यादव, अरुण बिन्द, मो. तनहाई खाँ, हरजीत सिंह बिल्लू, नरजीत सिंह, अमित चरसिया, तेज बहादुर यादव, मोहम्मद कैफ, डॉ. रामाकांत यादव सहित अन्य लोगों ने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अभय वर्मा, अमित कुमार अग्रवाल, अशोक सेठ, वाहिद और मुकेश पुजारी समेत अनेक लोगों का सहयोग रहा। अंत में दीपू वर्मा ने उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page