गाजीपुर
चार दशकों से नहीं बन पाया लिंक मार्ग, राहगीरों में रोष
बहरियाबाद गाज़ीपुर। बहरियाबाद मुख्य सड़क मार्ग से ईदगाह रोड के पास से शाह मोहल्ला जाने वाला लिंक मार्ग करीब चार दशकों से बदहाल है। इस मार्ग पर वर्षों पुराना खड़ंजा लगा है, जो अब पूरी तरह जर्जर होकर जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गया है। इससे राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लिंक मार्ग पर घास-फूस उग आने से रात में आवागमन करने वाले लोगों को जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने के कारण ग्रामीणों के गिरने की घटनाएं भी हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व ग्राम प्रधानों से लेकर वर्तमान ग्राम प्रधान तक का ध्यान इस मार्ग की ओर नहीं गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग निर्माण को लेकर कई बार क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से बातचीत की गई, लेकिन अब तक प्रस्ताव नहीं भेजे जाने के कारण मामला अधर में लटका हुआ है। बदहाल मार्ग को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जल्द लिंक मार्ग का निर्माण कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
