गोरखपुर
बोलेरो की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत
बाइक सवार गंभीर, लखनऊ रेफर; चालक हिरासत में
गोरखपुर। खोराबार थाना क्षेत्र के देवरिया बाईपास रोड पर नहर के पास बुधवार दोपहर तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक और स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार करीब 22 वर्षीय विष्णु राजभर की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार फैज गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे देर शाम लखनऊ रेफर किया गया। पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
खाना खाने घर जा रहा था विष्णु
बताया गया कि विष्णु अपनी चाय की दुकान से स्कूटी लेकर खाना खाने घर जा रहा था। इसी दौरान बोलेरो ने उसकी स्कूटी और सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर घायल विष्णु को स्वजन अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
नई बुलेट लेकर लौट रहा था फैज
कैंट थाना क्षेत्र के डिभिया निवासी फैज ने बुधवार को भगत चौराहे स्थित शोरूम से नई बुलेट खरीदी थी। घर लौटते समय वह हादसे का शिकार हो गया। हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर किया गया।
पुलिस कर रही जांच
सीओ कैंट कृतिनिधि आनंद ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बोलेरो चालक हिरासत में है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
