गाजीपुर
चोरी और छिनैती की बढ़ती घटनाओं से लोगों में दहशत
बहरियाबाद (गाजीपुर)। बहरियाबाद और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती चोरी और छिनैती की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। आए दिन किसी न किसी गांव में चोरी की सूचना मिलने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। रात में लोग घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं और चैन से सो नहीं पा रहे हैं।
कई गांवों में हो चुकी हैं घटनाएं
क्षेत्र के कई गांवों में हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं होने की बात सामने आई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस ने प्रभावी कदम नहीं उठाए तो घटनाओं में और इजाफा हो सकता है। चोरी के साथ छिनैती की घटनाओं ने भी राहगीरों की परेशानी बढ़ा दी है। रात में सुनसान रास्तों से गुजरने में लोग डरने लगे हैं।
सड़क किनारे सक्रिय रहते हैं मनबढ़
स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ मनबढ़ युवक सड़क किनारे बैठे रहते हैं और राहगीरों को निशाना बनाने का प्रयास करते हैं। इससे रात के समय आवागमन करने वालों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
गश्त बढ़ाने की मांग
लोगों का कहना है कि बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को रात में गश्त बढ़ाने के साथ संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी करनी चाहिए। आधुनिक निगरानी व्यवस्था का इस्तेमाल करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। इससे लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ेगा और चोरी व छिनैती की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी।
