गोरखपुर
चोरी के आरोप में दो अभियुक्त गिरफ्तार
बेलघाट पुलिस ने चोरी के जेवरात और 21,800 रुपये नकद किए बरामद
गोरखपुर। अपराधों पर अंकुश लगाने एवं अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बेलघाट के निर्देशन में पुलिस टीम ने चोरी के मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
मुकदमे से संबंधित दोनों अभियुक्त गिरफ्तार
पुलिस टीम ने थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0 239/2026, धारा 305(1), 61(2) बीएनएस तथा बढ़ोतरी धारा 317(2) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त गौरव सिंह पुत्र रामानन्द सिंह निवासी पिपरसण्डी, थाना बेलघाट, जनपद गोरखपुर और कृष्णा उर्फ मुरारी पुत्र भजुराम निवासी पिपरसण्डी, थाना बेलघाट, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया।
चोरी का शत-प्रतिशत जेवरात बरामद
पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किए गए शत-प्रतिशत जेवरात और 21,800 रुपये नकद बरामद हुए। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घर से नकदी और आभूषण चोरी का आरोप
पुलिस के मुताबिक अभियुक्तों ने वादी मुकदमा के घर से 80 हजार रुपये नकद और आभूषण चोरी किए थे। इस संबंध में 8 सितंबर 2026 को प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना बेलघाट में मुकदमा दर्ज किया गया था।
साफ-सफाई और खाना बनाने का करते थे काम
पूछताछ में अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि वे वादी मुकदमा के घर पर साफ-सफाई और खाना बनाने का काम करते थे। एक दिन दोपहर में मौका पाकर दोनों ने बक्से का ताला खोलकर जेवरात और नकदी चोरी कर ली।
शौचालय के पीछे जमीन में दबाए थे जेवरात
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि चोरी की नकदी और जेवरात को वादी मुकदमा के शौचालय के पीछे दीवार के किनारे जमीन में गाड़ दिया था। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया।
बरामद हुआ यह सामान
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मंगलसूत्र पीली धातु, एक अंगूठी पीली धातु, एक जोड़ी कान की बाली पीली धातु तथा 21,800 रुपये नकद बरामद किए हैं।
गौरव सिंह का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार अभियुक्त गौरव सिंह के खिलाफ पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मु0अ0सं0 239/2026 धारा 305(1), 61(2) बीएनएस व बढ़ोतरी धारा 317(2) बीएनएस थाना बेलघाट, मु0अ0सं0 0085/2025 धारा 191(2), 351(3), 352, 78 बीएनएस थाना बेलघाट तथा मु0अ0सं0 0186/2021 धारा 380, 411, 457 भादवि थाना बेलघाट शामिल हैं।
पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार यादव, थाना बेलघाट, जनपद गोरखपुर शामिल रहे।
