गोरखपुर
गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में छिपा मिला मोबाइल कैमरा
छात्राओं के वीडियो रिकॉर्ड करने का आरोप, महिला वार्डन पर मुकदमा
गोरखपुर। मोहद्दीपुर क्षेत्र के एक प्राइवेट गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में मोबाइल कैमरा लगाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोबाइल के जरिए छात्राओं के निजी वीडियो रिकॉर्ड किए जा रहे थे। घटना सामने आने के बाद छात्राओं ने हंगामा कर पुलिस को सूचना दी। कैंट थाना पुलिस ने महिला वार्डन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

टीनशेड की छत में मिला मोबाइल
बताया गया कि 8 सितंबर की देर रात एक छात्रा बाथरूम गई थी। इसी दौरान उसकी नजर टीनशेड की छत में फंसे एंड्रॉयड मोबाइल पर पड़ी। मोबाइल का कैमरा ऑन था और टॉयलेट की ओर रुख किया हुआ था। छात्राओं ने मोबाइल की जांच की तो उसमें बाथरूम में बनाए गए कई वीडियो मिलने का आरोप लगाया।
छात्राओं ने किया हंगामा
मामले की जानकारी मिलते ही छात्राओं में आक्रोश फैल गया। उन्होंने रात में ही 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। कैंट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मोबाइल को कब्जे में ले लिया।
वार्डन ने बताया मोबाइल अपना
पूछताछ में महिला वार्डन ने मोबाइल अपना होने की बात स्वीकार की। वार्डन ने कथित तौर पर बताया कि कुछ छात्राएं डस्टबिन होने के बावजूद सैनेटरी पैड इधर-उधर फेंक देती थीं। इसी का पता लगाने के लिए मोबाइल को रात करीब 10 बजे रिकॉर्डिंग पर लगाया गया था।
पुलिस कर रही डिजिटल साक्ष्यों की जांच
छात्राओं की तहरीर के आधार पर पुलिस ने वार्डन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मोबाइल में मौजूद वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया में है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि रिकॉर्ड किए गए वीडियो कहीं सोशल मीडिया या इंटरनेट पर साझा तो नहीं किए गए।
