गोरखपुर
गणेश चतुर्थी पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद
डीएम-एसएसपी ने पीस कमेटी के सदस्यों से जानी समस्याएं, थाना स्तर पर दिए निर्देश
शहर में 160 और ग्रामीण क्षेत्रों में 132 स्थानों पर स्थापित होंगी प्रतिमाएं
गोरखपुर। गणेश चतुर्थी को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस लाइन में जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ की अध्यक्षता में पीस कमेटी व अधिकारियों की बैठक हुई। सुरक्षा, यातायात, सफाई, बिजली, पेयजल और विसर्जन व्यवस्था को लेकर चर्चा कर संबंधित विभागों को समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
पीस कमेटी से जानी समस्याएं
डीएम ने थाना वार पीस कमेटी सदस्यों से संवाद कर उनके क्षेत्र की समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि पर्व से जुड़ी किसी भी समस्या की जानकारी पहले से प्रशासन को दी जाए, ताकि उसका समय से समाधान कराया जा सके। उन्होंने आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की।
पंडालों पर सुरक्षा और सफाई के निर्देश
डीएम ने प्रतिमा स्थापना स्थलों पर सफाई, प्रकाश, बिजली के तारों की सुरक्षा, पेयजल, बैरिकेडिंग और आवागमन की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए।
सोशल मीडिया पर रहेगी निगरानी
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर पुलिस बल की तैनाती की जाए। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। जुलूस और शोभायात्रा निर्धारित मार्ग व समय के अनुसार ही निकाली जाएगी।
यातायात और बिजली व्यवस्था पर जोर
नगर आयुक्त अजय जैन को सफाई व प्रकाश व्यवस्था तथा एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव को रूट डायवर्जन, पार्किंग और यातायात नियंत्रण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। बिजली विभाग को जुलूस मार्गों व पंडालों के आसपास विद्युत तारों की जांच के लिए कहा गया।
कई अधिकारी और पीस कमेटी सदस्य रहे मौजूद
बैठक में एसपी सिटी निमिष पाटील, एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र, एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी, एसपी अपराध सुधीर जायसवाल, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पीस कमेटी के सदस्यों ने भी अपने क्षेत्रों की समस्याएं और सुझाव रखे, जिन पर डीएम ने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
