Connect with us

भदोही

एक माह से लेनदेन ठप, डाकघर के सामने उपभोक्ताओं का प्रदर्शन

Published

on

Loading...
Loading...

सर्वर खराब होने से खाताधारक परेशान, व्यापारियों ने जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की

गोपीगंज, भदोही। नगर के पश्चिम मोहाल स्थित डाकघर में करीब एक माह से सर्वर की समस्या के चलते लेनदेन प्रभावित होने से नाराज उपभोक्ताओं और व्यापारियों ने बुधवार को डाकघर के सामने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द बैंकिंग व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, गोपीगंज के नगर अध्यक्ष श्रीकांत जायसवाल के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में व्यापारियों और उपभोक्ताओं ने कहा कि सर्वर खराब होने के कारण खाताधारकों को अपने ही खातों से रुपये निकालने और अन्य बैंकिंग कार्य कराने में परेशानी हो रही है। दूर-दराज से आने वाले लोगों को कई बार डाकघर का चक्कर लगाना पड़ रहा है।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि करीब एक माह से समस्या बनी हुई है, लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। इससे उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो व्यापार मंडल की ओर से आगे भी आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान वीरेन्द्र पाण्डेय, अन्नू मोदनवाल, गणेश, अमृतलाल, गिरीश जायसवाल, केशर सेठ, राजकुमार, राजू जायसवाल, रामजी मौर्या, गोपाल सेठ और सुनील समेत बड़ी संख्या में व्यापारी व उपभोक्ता मौजूद रहे।

Advertisement

डाकघर के सुपरिंटेंडेंट कैंट योगेश मिश्रा ने बताया कि सर्वर और राउटर खराब होने के साथ कर्मचारियों की कमी की समस्या भी है। उत्पन्न समस्याओं से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page