भदोही
चोरी हुई गाय मृत अवस्था में मिली, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
भरवा गांव में सुबह मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
भरवा। गांव में मंगलवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सोमवार रात चोरी हुई एक गाय अर्जुनपुर राजपूताना गांव के सिवान में मृत अवस्था में पड़ी मिली। सूचना के बाद पुलिस ने मामले में अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, भरवा गांव निवासी कल्लू पटेल ने सोमवार रात रोज की तरह गांव के बाहर स्थित अपने घर के पास सिवान में गाय बांधी थी। मंगलवार सुबह जब वह गाय देखने पहुंचे तो वह मौके से गायब मिली। काफी खोजबीन करने के बावजूद गाय का पता नहीं चल सका।
इसके बाद कल्लू पटेल के बेटे लल्लू ने पुलिस को तहरीर देकर गाय चोरी होने की सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इसी बीच अर्जुनपुर राजपूताना गांव के सिवान में एक गाय मृत अवस्था में पड़े होने की जानकारी मिली।
सूचना पर पशु मालिक मौके पर पहुंचे और मृत गाय की पहचान अपनी चोरी हुई गाय के रूप में की। पुलिस ने मृत गाय को जगदीशपुर में नियमानुसार डिस्पोजल करा दिया।
थाना अध्यक्ष कुलदीप मिश्रा ने बताया कि गाय मृत अवस्था में मिली थी। अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है।
