गोरखपुर
शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 81 शिक्षकों को किया सम्मानित
76 शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार, पांच को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार से नवाजा
गोरखपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर बाबा गंभीर नाथ प्रेक्षागृह में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया और उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
समारोह में कुल 81 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इनमें 76 शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार प्रदान किया गया, जिसमें बेसिक शिक्षा के 61 और माध्यमिक शिक्षा के 15 शिक्षक शामिल रहे। वहीं पांच शिक्षकों को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों सम्मानित होने वाले 81 शिक्षकों में 33 महिला शिक्षिकाएं भी शामिल रहीं। पुरस्कार के रूप में शिक्षकों को 25 हजार रुपये की धनराशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
समारोह में मुख्यमंत्री ने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार और जीवन की दिशा मिलती है।
कार्यक्रम में मंत्री संजय निषाद, मंत्री गुलाबी देवी, मंत्री संदीप सिंह, एमएलसी धमेंद्र सिंह सहित विधायक मौजूद रहे। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, गणमान्य लोग और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
