चन्दौली
चंद्रप्रभा बांध के नौ गेट खुले, 892.80 क्यूसेक पानी की निकासी
मुजफ्फरपुर वियर में एफआरएल से 1.10 फीट ऊपर पहुंचा जलस्तर, तटीय इलाकों में बढ़ी सतर्कता
चकिया। चंद्रप्रभा बांध और मुजफ्फरपुर वियर में जलस्तर बढ़ने के बाद सिंचाई विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। गुरुवार 3 सितंबर की रात आठ बजे दर्ज आंकड़ों के अनुसार चंद्रप्रभा बांध का जलस्तर 771.7 फीट पहुंच गया। बांध का पूर्ण जलस्तर (एफआरएल) 777 फीट है। जलस्तर नियंत्रित रखने के लिए बांध के दाएं छोर पर स्थित आरएस एस्केप के नौ गेट एक-एक फीट खोले गए हैं।
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक गेट संख्या 2 से 10 तक कुल नौ गेटों से 892.80 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। हालांकि सिंचाई डिस्चार्ज और बांध क्षेत्र में बारिश शून्य दर्ज की गई। विभाग ने 15 सितंबर तक बांध का जलस्तर 771 फीट बनाए रखने का लक्ष्य निर्धारित किया है। चंद्रप्रभा बांध की क्षमता सीआरएल पर 2532.23 एमसीएफटी और एफआरएल पर 3332.20 एमसीएफटी है।
मुजफ्फरपुर वियर में एफआरएल पार
उधर, मुजफ्फरपुर वियर में रात आठ बजे जलस्तर 314.60 फीट दर्ज हुआ, जबकि इसका एफआरएल 313.5 फीट है। यानी जलस्तर निर्धारित सीमा से 1.10 फीट ऊपर पहुंच गया है। यहां 2138.90 क्यूसेक फ्लड डिस्चार्ज दर्ज किया गया।
बढ़े जलस्तर और पानी की निकासी को देखते हुए विभागीय अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। आसपास के नदी तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
