चन्दौली
राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के प्रथम चरण में यूपीएस बसनी के तीन बच्चे सफल
छोटू, करन और काजल का मंडलीय चयन ट्रायल के लिए हुआ चयन, कोच विनोद कुमार के मार्गदर्शन में निखर रही प्रतिभा
नियामताबाद (चन्दौली)। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में जिला खेल कार्यालय गाजियाबाद द्वारा खेल विभाग उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ के समन्वय से राज्य स्तरीय सब जूनियर बालक एवं बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन 7 से 9 सितंबर 2026 तक स्पोर्ट्स स्टेडियम गाजियाबाद में किया जाएगा। प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की टीम भी प्रतिभाग करेगी।
इसी क्रम में जिला खेल कार्यालय चंदौली की ओर से जिला स्तरीय चयन ट्रायल 1 सितंबर को चंदौली के पॉलिटेक्निक कॉलेज बैडमिंटन हाल में आयोजित किया गया। ट्रायल में उच्च प्राथमिक विद्यालय बसनी के तीन होनहार खिलाड़ियों ने सफलता हासिल की। विद्यालय के दो बालक छोटू और करन तथा एक बालिका काजल का चयन मंडलीय चयन ट्रायल के लिए किया गया है।
तीनों खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया में जगह बनाई। अब उनका मंडलीय चयन ट्रायल 2 सितंबर को डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा वाराणसी में आयोजित किया गया, जहां वे वाराणसी मंडल की टीम में स्थान बनाने के लिए प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकेंगे।
विद्यालय के बच्चों की इस उपलब्धि से शिक्षकों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। बच्चों के कोच विनोद कुमार के सानिध्य में खिलाड़ी नियमित रूप से बैडमिंटन का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। विद्यालय परिवार का कहना है कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर बच्चों ने जिस तरह जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित की है, उससे अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
तीनों खिलाड़ियों की सफलता पर कोच विनोद कुमार, प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार गौतम, सहायक अध्यापक वीरेंद्र प्रताप भारती, रणबीर सिंह, रामनिवास, खेल अनुदेशक सविता, ग्राम प्रधान मुलायम सिंह यादव और ब्लॉक व्यायाम शिक्षक राजेंद्र सिंह यादव ने प्रसन्नता व्यक्त की। सभी ने खिलाड़ियों को आगामी चयन ट्रायल और प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की कामना की।
