चन्दौली
चन्द्रप्रभा बांध से 396.8 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज शुरू
771.7 फीट पहुंचा जलस्तर, 771.00 फीट पर मेंटेन करने के लिए खोले गए चार स्केप गेट
जलस्तर बढ़ने पर शुरू हुई जल निकासी
चकिया, (चन्दौली)। चन्द्रप्रभा बांध के जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए सिंचाई विभाग ने जल निकासी की कार्रवाई शुरू कर दी है। आज सुबह 10 बजे बांध का गेज 771.7 फीट दर्ज किया गया। इसके बाद जलस्तर को सुरक्षित सीमा 771.00 फीट पर बनाए रखने के लिए पानी का डिस्चार्ज शुरू किया गया।
चार गेट एक-एक फीट खोले गए
जलस्तर नियंत्रित करने के लिए बांध के दाहिने स्केप गेट के गेट संख्या 8, 7, 6 और 9 को एक-एक फीट खोला गया है। इन चारों गेटों से कुल 396.8 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। विभाग द्वारा बांध के जलस्तर और गेटों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
सुरक्षित स्तर पर पहुंचते ही बदलेगा गेटों का संचालन
विभाग के अनुसार जलस्तर को सुरक्षित सीमा तक लाने के बाद गेटों के संचालन में आवश्यक बदलाव किया जाएगा। वहीं, निचले इलाकों और संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर अलर्ट किया गया है। उन्हें स्थिति पर नजर रखने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
