आजमगढ़
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने शुक्रवार परेड का किया निरीक्षण
पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं, यूपी-112 वाहनों और डॉग स्क्वाड की व्यवस्थाएं परखी, दिए आवश्यक निर्देश-
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने शुक्रवार को पुलिस लाइन आजमगढ़ में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की वर्दी, अनुशासन और टर्नआउट का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहते हुए पूरी निष्ठा एवं अनुशासन के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद पुलिस लाइन परिसर स्थित मेस, निर्माणाधीन आवासीय परिसर, जीडी कार्यालय, गणना कार्यालय, आरटीसी कार्यालय, सब्सिडी कैंटीन, जनपद नियंत्रण कक्ष, मोटर वाहन शाखा, स्टोर, क्वार्टर गार्द, शस्त्रागार, गैस एजेंसी समेत विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
उन्होंने यूपी-112 के दोपहिया और चारपहिया वाहनों का भी निरीक्षण किया। तकनीकी और भौतिक कमियों को तत्काल दूर कराने, वाहनों की साफ-सफाई व रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कर्मियों को जनता के प्रति मधुर व्यवहार और त्वरित प्रतिक्रिया बनाए रखने को कहा।
एसएसपी ने डॉग स्क्वाड का निरीक्षण कर डॉग्स की कार्यक्षमता, प्रशिक्षण, स्वास्थ्य और रखरखाव की जानकारी ली। बाद में अर्दली रूम आयोजित कर पुलिसकर्मियों की समस्याओं एवं विभिन्न प्रकरणों की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
