Connect with us

गाजीपुर

जमानिया में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ा, चेतावनी बिंदु से महज 73 सेंटीमीटर नीचे

Published

on

Loading...
Loading...

तीन सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा जलस्तर, नदी किनारे गांवों में बढ़ी चिंता, प्रशासन अलर्ट

जमानिया, गाजीपुर। गंगा नदी के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी का सिलसिला लगातार जारी है। गुरुवार 20 अगस्त की सुबह आठ बजे जमानिया में गंगा का जलस्तर 61.370 मीटर दर्ज किया गया। नदी का जलस्तर करीब तीन सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जमानिया प्रशासन अलर्ट हो गया है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

चेतावनी बिंदु से 73 सेंटीमीटर नीचे पहुंचा जलस्तर

आपदा विशेषज्ञ अशोक राय ने बताया कि गंगा का जलस्तर अभी लगातार बढ़ाव के क्रम में है। जमानिया में गंगा का सामान्य जलस्तर 59.906 मीटर, चेतावनी बिंदु 62.100 मीटर और खतरा बिंदु 63.105 मीटर निर्धारित है।

वर्तमान में जलस्तर चेतावनी बिंदु से महज 73 सेंटीमीटर नीचे पहुंच गया है। यदि जलस्तर इसी रफ्तार से बढ़ता रहा तो जल्द ही यह चेतावनी बिंदु के करीब पहुंच सकता है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।

नदी किनारे बसे गांवों में बढ़ी चिंता

गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर से नदी किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ने लगी है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी के किनारे जाने से बचने की सलाह दी जा रही है।

Advertisement

वर्ष 2025 में 64.690 मीटर तक पहुंचा था जलस्तर

गौरतलब है कि वर्ष 2025 में जमानिया में गंगा का उच्चतम जलस्तर 64.690 मीटर दर्ज किया गया था, जबकि यहां उच्च बाढ़ स्तर का मापदंड 65.220 मीटर निर्धारित है। फिलहाल गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page