जौनपुर
सोलर प्लांट लगाने का झांसा देकर 50 लाख से अधिक की साइबर ठगी, आरोपी गिरफ्तार
लूमिनस कंपनी के नाम से भेजता था फर्जी एस्टीमेट, चार सिम और दो मोबाइल बरामद
जौनपुर। पेट्रोल पंप और अन्य प्रतिष्ठानों पर सोलर प्लांट लगवाने का झांसा देकर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को जौनपुर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी सस्ते दाम पर सोलर प्लांट लगवाने का लालच देकर प्रतिष्ठान संचालकों को अपने जाल में फंसाता था और अब तक 50 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर चुका है।
फर्जी एस्टीमेट भेजकर बनाता था शिकार
पुलिस के अनुसार आरोपी पेट्रोल पंप संचालकों और अन्य प्रतिष्ठानों की जानकारी जुटाकर उन्हें फोन करता था। वह खुद को सोलर प्लांट लगाने वाली कंपनी से जुड़ा बताकर बाजार से कम कीमत में प्लांट लगवाने का भरोसा देता था। विश्वास में लेने के लिए व्हाट्सएप के माध्यम से लूमिनस कंपनी के नाम से फर्जी एस्टीमेट भेजता था।
इसके बाद प्लांट की कुल लागत की करीब आधी रकम अलग-अलग किस्तों में पहले ही मंगा लेता था। रकम मिलते ही मोबाइल बंद कर देता या संपर्क से बचने लगता था।
परिचितों के खातों में मंगाता था रकम
जांच में सामने आया कि आरोपी ठगी की रकम अपने खाते में लेने के बजाय परिचितों के बैंक खातों का इस्तेमाल करता था। रकम पहुंचने के बाद उसे अलग-अलग माध्यमों से निकाल लिया जाता था। पुलिस इन खातों और लेनदेन से जुड़े लोगों की भी जांच कर रही है।
नौ एफआईआर, छह से अधिक शिकायतें
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सचिन शर्मा पुत्र राजनारायन निवासी आमी सराय सैफ खां, थाना पट्टी, प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में नौ एफआईआर दर्ज हैं। साइबर क्राइम पोर्टल पर भी उसके खिलाफ छह से अधिक एनसीआरपी शिकायतें मिली हैं।
जौनपुर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा अपराध संख्या 52/2026 के तहत बीएनएस की धारा 111, 318(4), 319(2) और 66डी आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
एसएसपी कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई की गई। साइबर क्राइम पोर्टल, समन्वय पोर्टल, प्रतिबिम्ब पोर्टल और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों और संपर्कों की जानकारी जुटाई।
गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से चार सिम कार्ड और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस उपकरणों की तकनीकी जांच कर रही है, जिससे ठगी में शामिल अन्य लोगों और संभावित पीड़ितों की जानकारी मिलने की उम्मीद है।
कार्रवाई करने वाली टीम में साइबर क्राइम थाना प्रभारी दिनेश कुमार सिंह, निरीक्षक देवानंद रजक, हेड कांस्टेबल प्रभात द्विवेदी, राजेश सिंह, दिनेश कुमार और पुष्पेंद्र सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस नेटवर्क से जुड़े बैंक खातों और अन्य संदिग्धों की जांच कर रही है।
