गोरखपुर
मंगलपुर में चाकूबाजी से सनसनी, युवक गंभीर घायल
ग्रामीणों ने एक संदिग्ध हमलावर को पकड़कर पुलिस को सौंपा, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
बड़हलगंज (गोरखपुर)।बड़हलगंज थाना क्षेत्र के झुमिला बाजार के समीप मंगलपुर गांव में गुरुवार को चाकूबाजी की घटना से सनसनी फैल गई। गांव निवासी शिवम पुत्र गंगाधर पर कुछ युवकों ने कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हमले के बाद मची अफरा-तफरी
बताया गया कि घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर बड़हलगंज पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घायल शिवम को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर घटना के कारणों और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस अन्य संदिग्ध आरोपियों की तलाश में भी दबिश दे रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी बनाए हुए है।
