मिर्ज़ापुर
2,350 विद्यार्थियों ने लिया आजीवन नशामुक्त रहने का संकल्प
ब्रह्माकुमारीज के 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत विद्यालयों में चला जागरूकता अभियान
मीरजापुर। ब्रह्माकुमारीज की ओर से 6 से 20 अगस्त तक चलाए जा रहे 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान अब तक करीब 2,350 छात्र-छात्राओं ने आजीवन नशामुक्त रहने का संकल्प लिया।
ब्रह्माकुमारीज मीरजापुर की सेवा केंद्र प्रभारी बीके बिंदु दीदी और सहयोगी बहनों-भाइयों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ परिवार, शिक्षा और भविष्य को भी प्रभावित करता है। विद्यार्थियों को राजयोग, आत्मनियंत्रण, सकारात्मक सोच और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के तहत श्री शिव इंटर कॉलेज में 150, आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज बिसुन्दरपुर में 1,000, श्री माता प्रसाद माता भीख इंटर कॉलेज में 200 और राजस्थान इंटर कॉलेज में 800 विद्यार्थियों ने संकल्प लिया। जीडी बिनानी पीजी कॉलेज के करीब 200 विद्यार्थियों ने भी नशामुक्त रहने की प्रतिज्ञा की।
कार्यक्रम में बीके रूपाली, बीके नीति, बीके दिव्यानी, बीके दिव्या और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी वीरेंद्र सिंह मरकाम ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया। इस दौरान वरिष्ठजनों के सम्मान और परिवार में उनके साथ प्रेमपूर्वक रहने को लेकर भी जागरूक किया गया। ब्रह्माकुमारीज ने बताया कि अभियान आगे भी शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संस्थाओं में जारी रहेगा।
