बलिया
19 अगस्त को निकलेगी बलिदान दिवस रैली
डीएम ने दिए तैयारियां पूरी करने के निर्देश
जिला कारागार से सुबह 8 बजे निकलेगी रैली, सफाई, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर अफसरों को जिम्मेदारी
बलिया। स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास और अमर सेनानियों के बलिदान की स्मृति में 19 अगस्त को मनाए जाने वाले ‘बलिया बलिदान दिवस’ की तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें कार्यक्रम को भव्य और गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने को लेकर विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं।
जिला कारागार से निकलेगी रैली
जिलाधिकारी ने बताया कि 19 अगस्त को सुबह आठ बजे जिला कारागार से ऐतिहासिक बलिदान दिवस रैली निकाली जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रैली के मार्ग की साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि बलिया बलिदान दिवस जिले के स्वाभिमान और स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। इसलिए आयोजन में किसी भी स्तर पर अव्यवस्था स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, मुख्य राजस्व अधिकारी गुलशन जी समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
