आजमगढ़
शूटिंग प्रतियोगिता में आजमगढ़ पुलिस का जलवा
पांच बड़ी उपलब्धियों के साथ जीती चल वैजयन्ती शील्ड, एसएसपी ने दी बधाई
महिला और पुरुष वर्ग में पुलिसकर्मियों ने हासिल किए प्रथम व द्वितीय स्थान
आजमगढ़। वाराणसी जोन की 29वीं अन्तर्जनपदीय शूटिंग प्रतियोगिता-2026 में आजमगढ़ पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया। मिर्जापुर में चार से सात अगस्त तक आयोजित प्रतियोगिता में वाराणसी जोन के सात जनपदों की पुलिस टीमों ने प्रतिभाग किया। आजमगढ़ पुलिस टीम ने विभिन्न शूटिंग स्पर्धाओं में सर्वाधिक अंक अर्जित कर चल वैजयन्ती शील्ड अपने नाम की।
चार पुलिसकर्मियों ने हासिल किए प्रमुख स्थान
प्रतियोगिता में मु0 आ0 निखिल ने 100 गज स्टैंडिंग पोजीशन में द्वितीय स्थान हासिल किया। महिला आरक्षी शिरीना बानो ने 10 मीटर एयर पिस्टल महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला आरक्षी रीमा सिंह ने 300 मीटर थ्री पोजीशन बिग बोर में द्वितीय स्थान हासिल किया। आरक्षी अंकित सिंह ने 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया।
एसएसपी ने विजेताओं को दी बधाई
आजमगढ़ पुलिस टीम के सर्वाधिक अंक अर्जित करने पर चल वैजयन्ती शील्ड जीतने से पुलिस महकमे में खुशी का माहौल है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी पुलिसकर्मियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पुलिसकर्मियों की लगन, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और उत्कृष्ट खेल भावना का परिणाम है। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन कर आजमगढ़ और उत्तर प्रदेश पुलिस का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
व्यावसायिक दक्षता के साथ खेलों को भी बढ़ावा
आजमगढ़ पुलिस अपने कर्मियों के व्यावसायिक कौशल के साथ-साथ खेल और शूटिंग जैसी प्रतिस्पर्धात्मक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भी लगातार प्रोत्साहित कर रही है। प्रतियोगिता में मिली यह सफलता पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण और निरंतर अभ्यास को भी दर्शाती है।
