Connect with us

भदोही

‘हर-हर बम-बम’ के जयघोष से गूंजा हाईवे

Published

on

Loading...
Loading...

कांवड़ियों से केसरियामय हुआ मार्ग

तेज धूप भी नहीं रोक सकी शिवभक्तों के कदम, प्रयागराज से गंगाजल लेकर काशी की ओर बढ़ रहे कांवड़िए

गोपीगंज (भदोही)। सावन मास में भगवान शिव की भक्ति का रंग पूरे क्षेत्र में चढ़ा हुआ है। 10 अगस्त सोमवार को सावन तेरस के अवसर पर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने के लिए बड़ी संख्या में शिवभक्त प्रयागराज से गंगाजल लेकर काशी की ओर रवाना हो रहे हैं। कांवड़ियों के जयघोष से राष्ट्रीय राजमार्ग शिवभक्ति में सराबोर नजर आ रहा है।

प्रयागराज से जल भरकर लौट रहे कांवड़ियों के जत्थे ‘हर-हर बम-बम’ और ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ लगातार आगे बढ़ रहे हैं। तेज धूप और उमस भी शिवभक्तों के उत्साह को कम नहीं कर पा रही है। कांवड़ियों के कदम बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक के संकल्प के साथ निरंतर काशी की ओर बढ़ रहे हैं।

सोमवार को होने वाले जलाभिषेक को देखते हुए गोपीगंज से प्रयागराज जाने वाले मार्ग पर भी कांवड़ियों की संख्या बढ़ गई है। रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर बड़ी संख्या में शिवभक्त दिखाई दे रहे हैं। कई कांवड़िया बाइक और निजी वाहनों से भी प्रयागराज पहुंचकर गंगाजल लेने जा रहे हैं।

Advertisement

प्रयागराज से लौट रहे कांवड़ियों के जत्थों के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग का नजारा पूरी तरह केसरियामय हो गया है। जत्थों में पुरुषों के साथ महिला कांवड़ियों की भी बड़ी संख्या दिखाई दे रही है। रास्ते में कांवड़िए जयकारे लगाते हुए बाबा विश्वनाथ के दरबार की ओर बढ़ रहे हैं।

सावन के इस धार्मिक माहौल में पूरा क्षेत्र शिवभक्ति से ओतप्रोत नजर आ रहा है। कांवड़ियों के उत्साह और भक्ति से मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page