भदोही
छुट्टा सांड ने उजाड़ा परिवार, मां और इकलौते बेटे की मौत
किराने की दुकान पर सामान लेने निकले थे दोनों, वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान तोड़ा दम
गोपीगंज (भदोही)। कोतवाली क्षेत्र के अमवा बाजार में शुक्रवार को छुट्टा पशु के हमले ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बाइक से किराने की दुकान पर सामान लेने जा रहे मां-बेटे पर अचानक एक छुट्टा सांड ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों की वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतकों की पहचान प्रियांशु सिंह पुत्र स्व. जनार्दन सिंह उर्फ मुन्ना सिंह और उनकी मां विनीता सिंह पत्नी स्व. जनार्दन सिंह, निवासी पर्वतपुर के रूप में हुई। बताया गया कि मां-बेटा बाइक से घर से किराने की दुकान पर सामान लेने निकले थे। अमवा बाजार में दुकान के पास पहुंचते ही छुट्टा पशुओं के झुंड में से एक सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन और आसपास के लोग दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। सरकारी एंबुलेंस से वाराणसी पहुंचने के बाद उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
दस साल पहले पिता को खोया था
हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया। ग्रामीणों के अनुसार, प्रियांशु के पिता जनार्दन सिंह उर्फ मुन्ना सिंह का करीब दस वर्ष पहले निधन हो गया था। पिता की मौत के बाद मां विनीता सिंह ही परिवार का सहारा थीं और प्रियांशु उनका इकलौता बेटा था।
अब मां और इकलौते बेटे की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद ग्रामीणों में छुट्टा पशुओं को लेकर भी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से सड़कों और बाजारों में घूम रहे छुट्टा पशुओं पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है, ताकि ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
