मिर्ज़ापुर
“बूथ मजबूत तो संगठन मजबूत”, अपना दल एस की मासिक समीक्षा बैठक में संगठन विस्तार पर जोर
राष्ट्रीय सचिव बोले- अवसरवादी राजनीति नहीं, ईमानदारी से सेवा ही पार्टी की पहचान; सात नए सदस्यों ने ली सदस्यता
मिर्जापुर। अपना दल (एस) की जिला संगठन की मासिक समीक्षा बैठक शुक्रवार को पार्टी कार्यालय, विकास भवन के सामने पथरिया रोड स्थित कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष इंजी. रामलौटन बिंद ने की। कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी के संस्थापक बोधिसत्व डॉ. सोनेलाल पटेल एवं अन्य महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष किसान मंच एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी रामबली सिंह पटेल तथा विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय सचिव मेघनाथ पटेल रहे। संचालन युवा मंच के जिला अध्यक्ष उदय पटेल ने किया। इस दौरान विधानसभा से लेकर बूथ स्तर तक संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
कार्यकर्ता ही पार्टी की ताकत : रामबली सिंह
मुख्य अतिथि रामबली सिंह पटेल ने कहा कि अपना दल (एस) कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। छोटे से छोटे कार्यकर्ता को भी संगठन में सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से पार्टी का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों में भी युवा बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाला समय अपना दल (एस) का है। जनपद के सभी गांवों में संगठन खड़ा किया जा चुका है और बूथ कमेटियों का गठन भी पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने के इच्छुक मजबूत दावेदारों की भावनाओं का भी पूरा सम्मान किया जाएगा।
साफ-सुथरी राजनीति पर दिया जोर
राष्ट्रीय सचिव मेघनाथ पटेल ने कहा कि प्रदेश और देश की जनता को अपना दल (एस) से बड़ी उम्मीदें हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल और वरिष्ठ पदाधिकारी इन अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता न तो अवसरवादी राजनीति करते हैं और न ही समाज को बांटने का काम करते हैं। साफ-सुथरी और ईमानदार राजनीति ही पार्टी की पहचान है।
सात लोगों ने ग्रहण की सदस्यता
जिला अध्यक्ष इंजी. रामलौटन बिंद ने पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क करने और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने आगामी जोन स्तरीय बैठक में सभी बूथ अध्यक्षों एवं बूथ कमेटी के पदाधिकारियों को अपने बूथ की रिपोर्ट के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर सात लोगों ने अपना दल (एस) की सदस्यता ग्रहण की। इनमें अजय विश्वकर्मा, अजय सोनकर, मनीष शर्मा, गोलू सोनकर, हिमांशु यादव, सागर गौड़ और डॉ. दीपचंद यादव शामिल रहे। जिला अध्यक्ष ने नए सदस्यों का माला पहनाकर स्वागत किया और संगठन विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में पार्टी के विभिन्न मंचों के पदाधिकारी, जोन अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की जानकारी जिला मीडिया प्रभारी शंकर सिंह चौहान ने दी।
