Connect with us

गोरखपुर

वायरल वीडियो ने पहुंचाया हवालात

Published

on

Loading...
Loading...

बाइक स्टंट करने वाले दो युवक हिरासत में

गुलरिहा पुलिस ने तीन मोटरसाइकिलें कीं सीज, सड़क पर खतरनाक स्टंट करने वालों को चेतावनी

गोरखपुर। सोशल मीडिया पर बाइक से खतरनाक स्टंट करने का वीडियो वायरल होना दो युवकों को महंगा पड़ गया। वीडियो का संज्ञान लेते हुए गुलरिहा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया और उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की। वहीं, स्टंट में इस्तेमाल की गई तीन मोटरसाइकिलों को भी सीज कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ युवक सार्वजनिक सड़क पर मोटरसाइकिल से खतरनाक तरीके से स्टंट करते दिखाई दे रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने वीडियो की जांच कर युवकों की पहचान की।

जांच में स्टंट करने वाले युवकों की पहचान दुर्गेश निषाद पुत्र सूर्यभान निषाद और इमरान अली पुत्र रुआब अली, निवासी ग्राम जैनपुर टोला झगड़हवा, थाना गुलरिहा, गोरखपुर के रूप में हुई।

Advertisement

सड़क पर स्टंट करने वालों पर होगी कार्रवाई

पुलिस टीम ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर नियमानुसार निरोधात्मक कार्रवाई की। इसके साथ ही स्टंट में प्रयोग की गई तीन मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक गुलरिहा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक ज्ञान प्रकाश सिंह और रिजर्व कांस्टेबल अभिनव सिंह शामिल रहे।

गुलरिहा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज के चक्कर में सड़क पर खतरनाक स्टंट न करें। ऐसे कृत्य से खुद की जान के साथ-साथ अन्य राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page