गोरखपुर
बिना लाइसेंस गोदाम में मिली 477 किलो काली मिर्च
खाद्य सुरक्षा विभाग ने किया सीज
3.33 लाख रुपये के स्टॉक का लिया नमूना, जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
गोरखपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तिवारीपुर थाना क्षेत्र के मोहनलालपुर स्थित एक गोदाम से 477 किलोग्राम साबुत काली मिर्च सीज कर दी। जब्त काली मिर्च की अनुमानित कीमत करीब 3.33 लाख रुपये बताई गई है। विभाग ने काली मिर्च का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना मिली थी कि मोहनलालपुर स्थित एक गोदाम से बिना बिल-वाउचर के संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुधीर कुमार राय के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने गोदाम पर छापेमारी की।
FSSAI लाइसेंस नहीं दिखा सका संचालक
जांच के दौरान गोदाम संचालक नीरज कुमार मद्धेशिया मौके पर मिले, लेकिन वह विभागीय टीम के समक्ष एफएसएसएआई (FSSAI) लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। निरीक्षण में काली मिर्च की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर विभाग ने उसका नमूना जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेज दिया।
इसके साथ ही पूरे स्टॉक को अग्रिम आदेश तक सीज कर दिया गया है।
रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट मिलने के बाद यदि काली मिर्च में मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित कारोबारी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 और नियमावली-2011 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने कहा कि जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
