गोरखपुर
‘हर घर तिरंगा’ और विभाजन विभीषिका दिवस की तैयारियों को लेकर सीडीओ ने कसी कमर
शाश्वत त्रिपुरारी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध तैयारी के निर्देश, जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
गोरखपुर। मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ एवं ‘विभाजन विभीषिका दिवस’ के सफल आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीडीओ ने दोनों कार्यक्रमों की रूपरेखा की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने निर्देश दिया कि इसमें अधिक से अधिक नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों, व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि लोग अपने घरों, प्रतिष्ठानों, संस्थानों और अमृत सरोवरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किए जाएं।
तिरंगा यात्रा और प्रतियोगिताओं के आयोजन पर जोर
सीडीओ ने अभियान के तहत तिरंगा यात्रा, प्रभात फेरी, जनजागरूकता रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति से जुड़े आयोजनों को प्रभावी ढंग से कराने के निर्देश दिए। सभी सरकारी भवनों को तिरंगा लाइट से सजाने तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध, चित्रकला, भाषण और स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित कराने को कहा गया।
विभाजन विभीषिका दिवस पर होंगे जागरूकता कार्यक्रम
विभाजन विभीषिका दिवस को लेकर सीडीओ ने कहा कि यह दिवस देश के विभाजन के दौरान विस्थापन और पीड़ा झेलने वाले लोगों को स्मरण करने का अवसर है। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को उस दौर के इतिहास से परिचित कराया जाएगा।
उन्होंने जनपद में प्रदर्शनी, गोष्ठी, परिचर्चा, चित्र प्रदर्शनी, व्याख्यान, लघु फिल्म और नाटक जैसे कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाजन से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों को संवेदनशील और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत किया जाए, ताकि युवाओं में देश की एकता, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे की भावना मजबूत हो।
व्यवस्थाओं में लापरवाही न बरतने के निर्देश
बैठक में सीडीओ ने कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने सूचना विभाग को सोशल मीडिया, स्थानीय समाचार माध्यमों और अन्य प्लेटफॉर्म के जरिए कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रध्वज के सम्मान और उससे जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल, अपर जिलाधिकारी नगर गजेन्द्र कुमार, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
