गोरखपुर
श्रावण में यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस-ट्रांसपोर्टरों की बैठक
डायवर्जन व्यवस्था के पालन और सुगम आवागमन में सहयोग की अपील
गोरखपुर। श्रावण मास में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने को लेकर यातायात पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस में पुलिस अधीक्षक यातायात की अध्यक्षता में जनपद के ट्रांसपोर्टरों एवं व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को लागू होने वाले यातायात डायवर्जन, भारी वाहनों के संचालन और ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक यातायात ने ट्रांसपोर्टर प्रतिनिधियों को श्रावण मास के दौरान लागू होने वाली यातायात व्यवस्था और डायवर्जन प्लान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में यातायात के बेहतर संचालन के लिए निर्धारित व्यवस्था का पालन जरूरी है। उन्होंने ट्रांसपोर्टरों से अपील की कि वे अपने वाहनों को निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार संचालित करें, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
ट्रांसपोर्टरों ने रखीं समस्याएं
बैठक में गोरखपुर गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन सहित विभिन्न ट्रांसपोर्ट संगठनों के प्रतिनिधियों ने यातायात से जुड़ी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के सामने रखे। पुलिस अधिकारियों ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ट्रांसपोर्टरों ने अराजकतत्वों से सुरक्षा और व्यावसायिक वाहनों के निर्बाध संचालन का मुद्दा भी उठाया। इस पर पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि ट्रांसपोर्टरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, दबाव या अराजक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
बैठक में प्रभारी निरीक्षक यातायात मनोज कुमार राय, गोरखपुर गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष सिंह, संगठन मंत्री मनीष कुमार सिंह, सदस्य दिलीप वर्मा, जीजीईसी एसोसिएशन के महामंत्री अब्दुल रसीद, मुन्ना सिंह नरायन ट्रांसपोर्ट एजेंसी सहित बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टर एवं व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।
श्रावण मास के मद्देनजर आयोजित यह बैठक पुलिस और ट्रांसपोर्टर समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
