भदोही
50 लाख की साइबर ठगी का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार
‘साइबर वज्र’ अभियान में भदोही पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 18 एनसीआरपी शिकायतों से जुड़े मिले म्यूल बैंक खाते
भदोही। पुलिस ने ‘साइबर वज्र’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के जरिए धन उगाही करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों के बैंक खातों से विभिन्न राज्यों की 18 एनसीआरपी (NCRP) शिकायतें जुड़ी हैं, जिनमें 50 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी की गई है। मामले में तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
फर्जी निवेश और टास्क के नाम पर लोगों को बनाते थे शिकार
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में साइबर थाना और थाना भदोही पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच के दौरान पांच म्यूल बैंक खातों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों में मो. इरफान, अमन, गुफरान, समीर अंसारी और सैदान अंसारी शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप बनाकर फर्जी निवेश, टास्क आधारित कमाई और शेयर मार्केट से जुड़े फर्जी पोर्टल संचालित करते थे। लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर एपीके फाइल, फर्जी लिंक और क्यूआर कोड भेजकर ठगी की जाती थी।
म्यूल खातों के जरिए निकालते थे ठगी की रकम
पुलिस के अनुसार साइबर अपराध से प्राप्त धनराशि पहले इन म्यूल बैंक खातों में मंगाई जाती थी, जिसके बाद एटीएम, यूपीआई और अन्य बैंकिंग माध्यमों से रकम निकालकर अलग-अलग खातों में स्थानांतरित कर दी जाती थी। जांच में कर्नाटक और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से दर्ज शिकायतों का भी खुलासा हुआ है।
आईटी एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना भदोही में बीएनएस की धारा 318(4), 317(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 66-डी के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच जारी है तथा फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
