भदोही
चकपड़ौना अंडरपास पर ट्रेलर-ट्रक की भिड़ंत, खलासी घायल
सिगरौली से हिमाचल जा रहा था ट्रेलर, अचानक ब्रेक लगने से हुआ हादसा
गोपीगंज (भदोही)। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के चकपड़ौना स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग अंडरपास पर शुक्रवार को ट्रेलर और ट्रक की टक्कर में ट्रेलर का खलासी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची एनएचएआई की एंबुलेंस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
अचानक ब्रेक लगने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार बीकानेर (राजस्थान) निवासी चालक और खलासी ट्रेलर पर सिंगरौली से माल लादकर हिमाचल प्रदेश जा रहे थे। चकपड़ौना अंडरपास के पास आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे आ रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराया।
पुलिस ने यातायात कराया बहाल
हादसे में ट्रेलर के खलासी देवीलाल (40) निवासी बीकानेर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज पहुंचाया गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारु कराया।
