भदोही
जिलाधिकारी ने किया ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण
सुरक्षा, सीसीटीवी और अग्निशमन व्यवस्था का लिया जायजा, सतर्कता बरतने के निर्देश
ज्ञानपुर/भदोही। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण कर सुरक्षा और रख-रखाव संबंधी व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
अग्निशमन उपकरण और सीसीटीवी की जांच
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में लगे अग्निशमन यंत्रों की वैधता अवधि की जांच की तथा सभी उपकरणों को निर्धारित मानकों के अनुरूप हमेशा क्रियाशील बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण कर निगरानी व्यवस्था की भी समीक्षा की।
सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था और अभिलेखों का भी अवलोकन किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी शुभांगी शुक्ला, जिला ईवीएम नोडल अधिकारी राजकुमार वर्मा, सहायक निर्वाचन अधिकारी संजय, जिला सूचना अधिकारी अनिल कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
