Connect with us

भदोही

25 दिन बाद भी नहीं दर्ज हुआ मुकदमा, पिता ने दी आमरण अनशन की चेतावनी

Published

on

Loading...
Loading...

ठेकेदार पर बेटे की हत्या का आरोप, परिवार को मिल रही धमकियां

ज्ञानपुर/भदोही। ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के जगापुर-ढेलवरिया नहर ब्रेकर पर 12 जुलाई को मिले युवक के शव के मामले में 25 दिन बाद भी मुकदमा दर्ज न होने से नाराज परिजनों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। मृतक के पिता ने जिलाधिकारी कार्यालय पर आमरण अनशन करने की घोषणा की है।

ठेकेदार पर लगाया हत्या का आरोप

गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के भावसिंहपुर निवासी राम अछैबर ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उनका पुत्र रणजीत थानीपुर निवासी मगनलाल की ठेकेदारी में मजदूरी करता था। ठेकेदार ने उसका एक माह का वेतन भी रोक रखा था। 11 जुलाई को रणजीत ठेकेदार के साथ काम पर गया था, लेकिन रात में घर नहीं लौटा। अगले दिन 12 जुलाई को उसका शव जगापुर-ढेलवरिया नहर ब्रेकर के पास मिला।

मुकदमा दर्ज न होने से परिजनों में नाराजगी

पीड़ित पिता का कहना है कि शव मिलने के दिन ही उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी, लेकिन 25 दिन बीत जाने के बाद भी कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। उनका आरोप है कि नामजद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं, जिससे पूरा परिवार भय के साये में जी रहा है।

न्याय न मिलने पर अनशन की चेतावनी

राम अछैबर ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो वह न्याय की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर आमरण अनशन शुरू करेंगे। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page