भदोही
दो दिन की बारिश से धान की फसल को मिली संजीवनी, किसानों के चेहरे खिले
ज्ञानपुर/भदोही। मंगलवार के बाद बुधवार को लगातार दूसरे दिन हुई बारिश ने जिले के मौसम का मिजाज बदल दिया। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह वर्षा राहत लेकर आई। खेतों में पानी भरने से सूखने लगी धान की फसल में फिर से हरियाली लौट आई है, जिससे किसानों में खुशी का माहौल है। वहीं आम लोगों को भी उमस और गर्मी से राहत मिली।
धान की फसल के लिए बारिश बनी वरदान
जुलाई के दूसरे पखवाड़े में मानसून कमजोर पड़ने से धान की खेती प्रभावित होने लगी थी। लगातार दो दिनों की बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी पहुंची है। जिला कृषि अधिकारी ईरम मिर्जा ने बताया कि यह बारिश धान की फसल के लिए बेहद लाभकारी है। इससे पौधों की बढ़वार तेज होगी और उत्पादन पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
जलभराव से शहर और गांवों में बढ़ी परेशानी
बारिश के साथ ही जलनिकासी व्यवस्था की कमियां भी उजागर हो गईं। गोपीगंज स्थित विद्युत उपकेंद्र के पास राष्ट्रीय राजमार्ग की दोनों सर्विस लेन और मुख्य सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूफीनगर से जंगीगंज रेलवे स्टेशन मार्ग समेत कई स्थानों पर जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित रहा।
प्रशासन की तैयारियों पर उठे सवाल
नगर और गांवों की कई गलियों में पानी और कीचड़ जमा होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। एक ओर बारिश ने किसानों के लिए राहत और खुशहाली की सौगात दी, वहीं दूसरी ओर जलनिकासी की बदहाल व्यवस्था ने प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
