आजमगढ़
ड्यूटी पर जा रहे चौकीदार को पिकअप ने रौंदा, मौत; चालक वाहन समेत फरार
सद्दोपट्टी अंबेडकर मोड़ पर हुआ हादसा, पुलिस ने शुरू की फरार चालक की तलाश
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम ड्यूटी पर जा रहे एक चौकीदार की तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाने जाते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सद्दोपट्टी गांव निवासी राम नगीना गंभीरपुर थाने में चौकीदार के पद पर तैनात थे। बुधवार शाम करीब 5 बजे वह रोज की तरह ड्यूटी के लिए थाने जा रहे थे। जैसे ही वह सद्दोपट्टी अंबेडकर मोड़ के पास पहुंचे, जौनपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
टक्कर इतनी भीषण थी कि राम नगीना गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना पर पहुंची गंभीरपुर थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया गया कि मृतक की पत्नी इसरावती इस समय जौनपुर के एक अस्पताल में भर्ती हैं। राम नगीना अपने पीछे चार पुत्र और दो पुत्रियों का परिवार छोड़ गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित फरार हो गया। गंभीरपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा फरार पिकअप और चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
