मिर्ज़ापुर
हज-2027 के लिए यूपी से 22,510 आवेदकों का चयन, पहली किश्त जमा करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त
चयनित यात्रियों को 1.52 लाख रुपये की पहली किश्त जमा करनी होगी, दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य
मिर्जापुर। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रामदत्त प्रजापति ने बताया कि हज-2027 के लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा ऑनलाइन कुर्रा (लॉटरी) के माध्यम से उत्तर प्रदेश के 22,510 आवेदकों का चयन किया गया है। चयनित आवेदकों को इसकी सूचना उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेज दी गई है।
वेबसाइट पर उपलब्ध है चयनित यात्रियों की सूची
उन्होंने बताया कि चयनित हज यात्रियों की सूची हज कमेटी ऑफ इंडिया तथा उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। सूची में प्रत्येक आवेदक का कवर नंबर और बैंक रेफरेंस नंबर भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे भुगतान प्रक्रिया आसान हो सके।
10 अगस्त तक जमा करनी होगी पहली किश्त
सभी प्रोविजनली चयनित हज यात्रियों को प्रति व्यक्ति 1,52,300 रुपये की पहली किश्त 10 अगस्त 2026 तक हज कमेटी ऑफ इंडिया के यूनियन बैंक या स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते में जमा करनी होगी। भुगतान ऑनलाइन, डेबिट/क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या हज सुविधा ऐप के माध्यम से भी किया जा सकता है।
दस्तावेज अपलोड करना होगा अनिवार्य
धनराशि जमा करने के बाद यात्रियों को पे-इन स्लिप, हस्ताक्षरित हज आवेदन पत्र, घोषणा पत्र, अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट संबंधी घोषणा पत्र तथा मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाणपत्र को अपने लॉग-इन आईडी के माध्यम से हज कमेटी ऑफ इंडिया के पोर्टल पर अपलोड करना होगा।
ई-सुविधा केंद्रों पर मिलेगी सहायता
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि यदि किसी चयनित यात्री को दस्तावेज अपलोड करने में कठिनाई होती है तो वह उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति कार्यालय अथवा अपने जिले के हज ई-सुविधा केंद्र से सहायता प्राप्त कर सकता है।
