Connect with us

बलिया

गड़वार-सुखपुरा और फेफना-गड़वार मार्ग की बदहाली से बढ़ी चिंता

Published

on

Loading...
Loading...

सड़क पर बने गहरे गड्ढों से हादसों का खतरा, ग्रामीणों ने खुद भरे गड्ढे और लगाए लाल झंडे

बलिया। गड़वार-सुखपुरा एवं फेफना-गड़वार मुख्य मार्ग की जर्जर हालत से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष सड़क की मरम्मत कर नई परत बिछाई गई थी, लेकिन भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सड़क फिर से क्षतिग्रस्त हो गई।

ग्रामीणों ने खुद संभाली जिम्मेदारी

प्रशासन की ओर से मरम्मत न होने से नाराज खरहाटार गांव के ग्रामीणों ने स्वयं सड़क के गड्ढों में ईंट और रोड़े भरकर अस्थायी मरम्मत की। साथ ही दुर्घटनाओं से बचाव के लिए खतरनाक स्थानों पर लाल झंडे भी लगा दिए, ताकि वाहन चालकों को पहले से सतर्क किया जा सके।

महत्वपूर्ण मार्ग पर हर समय रहता है दबाव

गोरखपुर, बिहार और नेपाल को जोड़ने वाला यह मार्ग यातायात और माल ढुलाई के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन इस सड़क से गुजरते हैं, जिससे सड़क की खराब स्थिति के कारण गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।

शासन को भेजा गया नवीनीकरण का प्रस्ताव

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। इस संबंध में निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता केसरी प्रकाश ने बताया कि फेफना से बांसडीह कचहरी तक बलिया बाईपास मार्ग के नवीनीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलते ही सड़क को गड्ढामुक्त करने का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page