बलिया
बैरिया में नशा मुक्ति अभियान का शुभारंभ
उपजिलाधिकारी ने दिलाई नशा छोड़ने की शपथ, युवाओं से अभियान से जुड़ने का किया आह्वान
बैरिया (बलिया)। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय केंद्र बैरिया में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ एवं ‘मिशन स्पंदन’ के अंतर्गत नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपजिलाधिकारी शशि भूषण मिश्र ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया तथा उपस्थित लोगों को नशामुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई।
नशे से दूर रहकर जीवन को बनाएं मूल्यवान
उपजिलाधिकारी शशि भूषण मिश्र ने कहा कि जीवन ईश्वर की अमूल्य देन है और इसे सकारात्मक कार्यों में लगाकर सार्थक बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक समाज बीड़ी, सिगरेट, गांजा, चरस, अफीम और हेरोइन जैसे मादक पदार्थों का पूरी तरह बहिष्कार नहीं करेगा, तब तक नशा मुक्त भारत का लक्ष्य पूरा नहीं हो सकेगा।
घर और समाज से शुरू हो नशा मुक्ति अभियान
उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, मोहल्ले और गांव से करनी होगी। विशेष रूप से युवाओं से उन्होंने इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि युवाओं के सहयोग से ही स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता चंद्र बदन मिश्र, परशुराम सिंह नागा जी विद्यालय के प्रधानाचार्य अखंड प्रताप, गुप्तेश्वर पाठक, आनंद मोहन मिश्र, अनिल सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बहन समता दीदी ने किया, जबकि अंत में बहन पुष्पा दीदी ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
