बलिया
कोटवां मोड़ गोलीकांड में एक माह बाद दर्ज हुई क्रॉस एफआईआर
दूसरे पक्ष की तहरीर पर पांच नामजद समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा, पुलिस ने शुरू की जांच
बैरिया (बलिया)। कोटवां मोड़ पर 6 जुलाई को दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और गोलीबारी के मामले में पुलिस ने दूसरे पक्ष की ओर से भी मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के करीब एक माह बाद घायल युवक की बहन की तहरीर पर पांच नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है।
पहले दर्ज हुआ था हत्या के प्रयास का मुकदमा
पुलिस के अनुसार, घटना के दिन पहले पक्ष के ब्रजेश सिंह, निवासी झरकटहा, की तहरीर पर सनी सिंह समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया था। अब दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोली चलाने और मारपीट का लगाया आरोप
घायल सनी सिंह की बहन कामिनी सिंह, निवासी रानीगंज कोटवा, ने तहरीर में आरोप लगाया है कि 6 जुलाई की शाम कोटवां मोड़ पर पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विपक्षियों ने सनी सिंह को स्कॉर्पियो से खींचकर लाठी-डंडों से मारपीट की। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आर्यन सिंह उर्फ कान्हा और विशाल सिंह ने जान से मारने की नीयत से गोली चलाई, जो सनी सिंह के सिर को छूते हुए अंगद सिंह को जा लगी।
पुलिस ने शुरू की विवेचना
प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि कामिनी सिंह की तहरीर के आधार पर रवि सिंह, अंगद सिंह, आर्यन प्रताप सिंह, विशाल सिंह, पीयूष सिंह तथा दो अज्ञात लोगों के खिलाफ अपराध संख्या 247/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
