भदोही
भदोही पुलिस का 7 दिवसीय सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू
पहले दिन 1,637 वाहनों की जांच, 550 का चालान और 9 वाहन सीज
ज्ञानपुर/भदोही। वाहन चोरी पर अंकुश लगाने, श्रावण मास के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भदोही पुलिस ने मंगलवार से सात दिवसीय विशेष वाहन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में प्रतिदिन शाम 6 बजे से 8 बजे तक जनपद के 50 चिन्हित चेकिंग प्वाइंटों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
हेलमेट, तीन सवारी, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर
अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, शराब या नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट वाले तथा संदिग्ध वाहनों की गहन जांच की जा रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों का ‘यक्ष ऐप’ के माध्यम से त्वरित सत्यापन भी किया जा रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध ई-चालान और आवश्यकतानुसार वाहन सीज करने की कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों ने संभाली चेकिंग की कमान
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने क्षेत्राधिकारी भदोही सुमित त्रिपाठी के साथ रजपुरा चौराहे पर चेकिंग अभियान का निरीक्षण किया। वहीं क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर चमन सिंह चावड़ा ने गोपीगंज तथा क्षेत्राधिकारी औराई राजीव कुमार सिंह ने औराई चौराहे पर वाहन जांच अभियान का नेतृत्व किया।
पहले दिन की कार्रवाई में 550 चालान, 9 वाहन सीज
अभियान के पहले दिन कुल 1,637 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान 197 वाहनों का तीन सवारी और बिना हेलमेट के लिए चालान किया गया, जबकि 13 लोगों पर शराब या नशीले पदार्थ के सेवन के बाद वाहन चलाने की कार्रवाई हुई। 53 बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की जांच की गई तथा 45 संदिग्ध व्यक्तियों का यक्ष ऐप से सत्यापन किया गया। पूरे अभियान में 550 ई-चालान किए गए और 9 वाहनों को सीज किया गया।
यातायात नियमों के पालन की अपील
भदोही पुलिस ने आमजन से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, तीन सवारी न बैठाने, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि यह अभियान जनसुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए चलाया जा रहा है, इसलिए नागरिक पुलिस का सहयोग करें।
